30 साल से फरार 25-25 हजार के इनामी दंपती गिरफ्तार, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के मामले में हरीपर्वत पुलिस की बड़ी कार्रवाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 8 अगस्त 2026

30 साल से फरार 25-25 हजार के इनामी दंपती गिरफ्तार, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के मामले में हरीपर्वत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

30 साल से फरार 25-25 हजार के इनामी दंपती गिरफ्तार, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के मामले में हरीपर्वत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आगरा। थाना हरीपर्वत पुलिस और साइबर सर्विलांस/काउंटर इंटेलीजेंस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वर्ष 1996 से फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के इनामी दंपती को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी धोखाधड़ी, जालसाजी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के मामले में करीब 30 वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, थाना हरीपर्वत पर वर्ष 1996 में धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में वांछित चल रहे अभियुक्त सुरेन्द्र देव यादव और उनकी पत्नी पर पुलिस उपायुक्त नगर, कमिश्नरेट आगरा की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। दोनों की गिरफ्तारी के लिए थाना हरीपर्वत पुलिस की टीमें गठित कर लगातार तलाश की जा रही थी।

इसी क्रम में पुलिस टीमों को मुखबिर से दोनों आरोपियों के शास्त्रीपुरम स्थित घर पर मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए सुरेन्द्र देव यादव और उनकी पत्नी को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ थाना हरीपर्वत में मु0अ0सं0 038/1996 के तहत धारा 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि एवं 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज है। करीब तीन दशक से फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

video

Pages