आगरा में 312 प्रधानाचार्यों की स्काउट-गाइड कार्यशाला, सभी विद्यालयों में यूनिट स्थापित करने के निर्देश
आगरा। भारत स्काउट एवं गाइड, जनपद आगरा द्वारा आरबीएस डिग्री कॉलेज के ऑडिटोरियम में एकदिवसीय प्रधानाचार्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सीबीएसई और उत्तर प्रदेश बोर्ड के 312 प्रधानाचार्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनपद के सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड यूनिट स्थापित कर उन्हें सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि स्काउट-गाइड विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहनशीलता, संस्कार और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड का स्वयंसेवक एक जिम्मेदार, अनुशासित और सेवाभावी नागरिक बनकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने सभी विद्यालयों से स्काउट-गाइड गतिविधियों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यशाला का आयोजन प्रादेशिक मुख्य आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया। जिला मुख्य आयुक्त डॉ. अनिल कुमार वशिष्ठ ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से भारत स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों, उद्देश्यों और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से अपने विद्यालयों में स्काउट-गाइड यूनिटों को सक्रिय रूप से संचालित करने की अपील की।
कार्यक्रम में डायट प्राचार्य विजय प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रविन्द्र पाल तोमर, जिला विद्यालय निरीक्षक (बालिका शिक्षा) बी.पी. सिंह तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव श्रीमती रेनू भारद्वाज ने किया। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए जनपद के प्रत्येक विद्यालय में भारत स्काउट एवं गाइड की यूनिट स्थापित कर गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर श्रीमती गुंजन चौधरी, डॉ. बसंत बहादुर सिंह, आर.के. पांडेय, डॉ. अतुल जैन, सोनिका चौहान, संजय गर्ग, शालिनी गर्ग, पीयूष शर्मा, विवेक सिंह, रामानंद चौहान, डॉ. दिग्विजय पचौरी, कविता कुशवाहा, महेश सैनी, कुसुम वर्मा, डॉ. मनोज पाठक, कुलदीप तिवारी, विशाल कुमार, अभिषेक ध्रुव, प्रतीक, आयुषी, लक्ष्मी सिंह सहित बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड पदाधिकारी, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।