एत्माद्दौला पुलिस का शिकंजा: चेकिंग के दौरान शातिर अपराधी गिरफ्तार, 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 28 अगस्त 2026

एत्माद्दौला पुलिस का शिकंजा: चेकिंग के दौरान शातिर अपराधी गिरफ्तार, 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद

एत्माद्दौला पुलिस का शिकंजा: चेकिंग के दौरान शातिर अपराधी गिरफ्तार, 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद

आगरा। थाना एत्माद्दौला पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर अभियुक्त को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बुधवार को रामबाग क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी की पहचान राजीव गिहार पुत्र उल्फत के रूप में की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से एटा जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी मानपुर का रहने वाला है और वर्तमान में खंदौली के रामनगर में किराए के मकान में रह रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ आगरा, एटा, फिरोजाबाद और हाथरस में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं। वर्ष 2011 से अब तक कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।

अवैध तमंचे के साथ पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास अवैध हथियार कहां से आया और क्या वह किसी आपराधिक गिरोह या नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

एत्माद्दौला पुलिस की चेकिंग के दौरान हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूमने वाले अपराधियों में खलबली मच गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages