आगरा में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत, पैर फिसलने से गहरे पानी में गई काजल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 28 अगस्त 2026

आगरा में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत, पैर फिसलने से गहरे पानी में गई काजल

आगरा में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत, पैर फिसलने से गहरे पानी में गई काजल

आगरा। खेरागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोरी काजल की तालाब में डूबने से मौत हो गई। किशोरी तालाब के पास कूड़ा डालने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों के अनुसार काजल कूड़ा डालने के लिए तालाब के पास गई थी। इसी दौरान तालाब के किनारे अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरे पानी में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी।

बताया गया कि करीब साढ़े 10 बजे गांव के एक बच्चे ने काजल को तालाब में डूबते हुए देखा, जिसके बाद उसने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंच गए और किशोरी की तलाश शुरू कर दी।

घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से तालाब में किशोरी की तलाश शुरू कराई गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काजल को तालाब से बाहर निकाला गया।

किशोरी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने तालाब के किनारे सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की जरूरत बताई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

video

Pages