जांबाज दरोगा ने जलती कार से बचाई 3 जानें: भागूपुर पुल पर बड़ा हादसा, गश्त पर निकले एसआई "अवनीश अग्निहोत्री" बने 'देवदूत' - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 24 अगस्त 2026

जांबाज दरोगा ने जलती कार से बचाई 3 जानें: भागूपुर पुल पर बड़ा हादसा, गश्त पर निकले एसआई "अवनीश अग्निहोत्री" बने 'देवदूत'

जांबाज दरोगा ने जलती कार से बचाई 3 जानें: भागूपुर पुल पर बड़ा हादसा, गश्त पर निकले एसआई "अवनीश अग्निहोत्री" बने 'देवदूत'

जनपद आगरा। पुलिस की वर्दी सिर्फ कानून लागू करने के लिए नहीं, बल्कि हर संकट में आम जनता के लिए ढाल बनकर खड़े रहने का नाम है। इस कहावत को थाना एत्मादपुर में तैनात सब इंस्पेक्टर अवनीश अग्निहोत्री ने अपने अदम्य साहस और जांबाजी से सच कर दिखाया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर एत्मादपुर थाना क्षेत्र के भागूपुर पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा देखने को मिला, जहां फिरोजाबाद से आगरा की तरफ आ रही एक बेकाबू कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसमें अचानक भीषण आग लग गई। कार के अंदर सवार लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया और वे अंदर ही फंस गए।

फरिश्ता बनकर पहुंचे एसआई अवनीश अग्निहोत्री

घटना के समय थाना एत्मादपुर में तैनात सब इंस्पेक्टर अवनीश अग्निहोत्री इलाके में गश्त पर निकले हुए थे। जैसे ही उनकी नजर धू-धू कर जलती कार पर पड़ी, वे बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत मौके पर पहुंचे। कार के अंदर से उठती चीख-पुकार सुनकर उन्होंने अकेले ही साहस का परिचय दिया और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

समय पर मिला इलाज, टला बड़ा हादसा

अगर एसआई अवनीश अग्निहोत्री की तत्परता और जांबाजी न होती तो जलती कार में सवार तीनों लोगों की जान जा सकती थी। उन्होंने बिना समय गंवाए घायलों को तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार हेतु भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।

सब इंस्पेक्टर अवनीश अग्निहोत्री के इस अदम्य साहस और मुस्तैदी की स्थानीय लोगों और पुलिस महकमे में जमकर सराहना हो रही है। उनकी इस जांबाजी ने साबित कर दिया कि खाकी न सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने के लिए है, बल्कि हर विकट स्थिति में आम जनता की सुरक्षा के लिए सबसे पहले खड़ी रहती है।

video

Pages