आगरा के तीन होटल-कैफे पर 40 हजार का जुर्माना, कोयले की भट्ठियां और तंदूर धधकते मिले
आगरा। नगर निगम की सख्ती और लगातार चेतावनी के बावजूद शहर के होटल, रेस्टोरेंट और कैफे संचालक कोयले की भट्ठी और तंदूर का इस्तेमाल करने से बाज नहीं आ रहे हैं। बुधवार को ताजगंज जोन में नगर निगम की इंफोर्समेंट टास्क फोर्स ने कार्रवाई करते हुए तीन होटल-कैफे में कोयले की भट्ठी और तंदूर का इस्तेमाल पकड़ा। टीम ने तीनों प्रतिष्ठानों पर कुल 40 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया। साथ ही भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर प्रतिष्ठान बंद कराने की चेतावनी दी।
जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने ताजगंज जोन में अभियान चलाया। जांच के दौरान टू सेंट होटल में कोयले की भट्ठी का इस्तेमाल मिलने पर 10 हजार रुपये, रोमियो लाइन कैफे में कोयले की भट्ठी के प्रयोग पर 20 हजार रुपये और द रीट्रीट होटल में तंदूर का इस्तेमाल पाए जाने पर 10 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।
धुएं से बढ़ रहा वायु प्रदूषण
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक होटल और रेस्टोरेंट में कोयला जलाने से निकलने वाला धुआं वायु गुणवत्ता को प्रभावित करता है। इसके चलते आसपास के वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। इसी को देखते हुए नगर निगम की ओर से ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कोयले का इस्तेमाल करने पर निगरानी रखी जा रही है। पहले भी कई प्रतिष्ठानों को चेतावनी देने के साथ जुर्माने की कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच के दौरान नियमों के विपरीत कोयला संचालित भट्ठी का इस्तेमाल मिलने पर संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को पहले ही ऐसे ईंधन का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनसे धुआं और प्रदूषण बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीमें नियमित रूप से होटल, रेस्टोरेंट और कैफे की जांच कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर जुर्माने के साथ आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।