मलपुरा पुलिस ने गांजा तस्कर को दबोचा, 439 ग्राम गांजा और मोबाइल बरामद
आगरा। अपराध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मलपुरा पुलिस ने गांजे की बिक्री करने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 439.1 ग्राम गांजा, 13 खाली पैकेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक थाना मलपुरा पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बल्हैरा रोड स्थित नई कॉलोनी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। नियमानुसार कार्रवाई के लिए सहायक पुलिस आयुक्त सैंया को भी मौके पर बुलाया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त सैंया की मौजूदगी में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए अभियुक्त की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान काले रंग की पन्नी में 439.1 ग्राम गांजा, 13 खाली पैकेट और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना मलपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 361/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और इसे किन लोगों को बेचता था।