कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी पश्चिमी आदित्य ने खंदौली में परखी सुरक्षा व्यवस्था
आगरा। कांवड़ यात्रा को लेकर आगरा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रभारी पुलिस उपायुक्त पश्चिमी आदित्य ने थाना खंदौली क्षेत्र में कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कांवड़ियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी डीसीपी ने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने तथा भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी पूरी तरह तैयार रहें। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की बात कही।