ऑटो में बैठाकर कपड़ा व्यापारी से ₹47 हजार की लूट का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में फेरी लगाकर कपड़ों का कारोबार करने वाले एक व्यापारी से ऑटो में बैठाकर ₹47 हजार की लूट के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी, वारदात में प्रयुक्त ऑटो और लूट की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार कपड़ा व्यापारी अपने काम से लौट रहा था। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने उसे जल्दी गंतव्य तक पहुंचाने के बहाने शॉर्टकट रास्ते से चलने की बात कही। व्यापारी उसके ऑटो में बैठ गया, लेकिन कुछ दूरी पर चालक अपने साथी के साथ उसे सुनसान इलाके में ले गया।
आरोप है कि दोनों बदमाशों ने व्यापारी को ऑटो से नीचे उतारकर उसके पास मौजूद ₹47 हजार की नकदी लूट ली। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से डरे-सहमे व्यापारी ने तत्काल पुलिस से शिकायत नहीं की और करीब पांच दिन बाद सिकंदरा थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिकंदरा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच शुरू की। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आशीष नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी सुमित के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से ₹2,400 नकद, घटना में प्रयुक्त ऑटो तथा लूट की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस शेष लूटी गई रकम के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी सुमित की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि लूट की वारदात में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।