आगरा में 600 लोगों ने ली अंगदान की शपथ, IMA ने कहा—अभियान नहीं, जन आंदोलन बनाना है
आगरा। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) आगरा की ओर से सूरसदन में अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों और सामाजिक वर्गों से जुड़े 600 से अधिक विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने भाग लिया और अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. दीप्तिमाला अग्रवाल, डॉ. पंकज नगायच और डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को अंगदान की प्रक्रिया, इसकी आवश्यकता, इससे जुड़ी भ्रांतियों और अंगदान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में 600 से अधिक लोगों ने अंगदान जागरूकता एवं इस मानवीय कार्य में सहभागिता की शपथ ली। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं अंगदान के प्रति जागरूक होंगे और अपने परिवार तथा समाज में भी अंगदान को लेकर जागरूकता फैलाएंगे।
धर्मगुरुओं ने दिया मानवता का संदेश
कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु भी एक मंच पर आए और अंगदान को मानव सेवा का उत्कृष्ट माध्यम बताते हुए लोगों को इसके लिए प्रेरित किया। मनकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश गिरी, मौलाना उजैर आलम और फादर वर्गीज ने कहा कि अंगदान केवल किसी जरूरतमंद को अंग देने का संकल्प नहीं, बल्कि मृत्यु के बाद भी कई जिंदगियों में आशा और मुस्कान बनाए रखने का माध्यम है।
धर्मगुरुओं ने समाज के सभी वर्गों से अंगदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और इस नेक कार्य के लिए आगे आने की अपील की।
अंगदान को जन आंदोलन बनाने का लक्ष्य
IMA आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नागायच ने कहा कि संस्था का उद्देश्य अंगदान को केवल एक अभियान तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि इसे जन आंदोलन बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों से मिल रहा समर्थन इस बात का प्रमाण है कि लोग मानवता के इस महान कार्य के लिए आगे आने को तैयार हैं।
उन्होंने स्वर्गीय प्रो. डॉ. एन.एन. अग्रवाल और समाजसेवी स्वर्गीय गोविंद अग्रवाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन लोगों ने अपना जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित किया और दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बने।
IMA आगरा के सचिव डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा ने कहा कि मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में आशा बनना मानव जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता हो सकती है। उन्होंने कहा कि अंगदान को लेकर लोगों के मन में मौजूद भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना IMA आगरा की प्राथमिकताओं में रहेगा।
एक अंगदान से कई जिंदगियों को मिल सकती है नई उम्मीद
ISCCM के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रणवीर त्यागी ने कहा कि अंगदान चिकित्सा विज्ञान से कहीं आगे बढ़कर मानवता की सेवा का माध्यम है। एक व्यक्ति के अंगदान से कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है।
डॉ. शैफाली मजूमदार ने विशेष रूप से नेत्रदान के प्रति लोगों को जागरूक किया और उपस्थित लोगों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने नेत्रदान को लेकर समाज में प्रचलित भ्रांतियों को दूर करने पर भी जोर दिया।
जनप्रतिनिधियों और चिकित्सकों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. हरेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज, संयुक्त सचिव डॉ. करण रावत एवं डॉ. मिहिर गुप्ता सहित अनेक चिकित्सक और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. मुनीश्वर, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. पवन गुप्ता, डॉ. वीरेंद्र खंडेलवाल, डॉ. वाई.बी. अग्रवाल, डॉ. शम्मी कालरा, डॉ. सुनील अग्रवाल और डॉ. संजय गोयल सहित कई चिकित्सकों ने सहभागिता की।
विधायक डॉ. बेबी रानी मौर्य तथा एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के वीडियो संदेश भी कार्यक्रम में प्रसारित किए गए। उन्होंने अंगदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए IMA आगरा के इस जनजागरूकता प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि अंगदान केवल व्यक्तिगत संकल्प नहीं, बल्कि समाज के प्रति मानवीय जिम्मेदारी है। IMA आगरा ने लोगों से अपील की कि वे अंगदान के प्रति जागरूक हों और इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।