स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को श्रद्धांजलि है तिरंगा यात्रा: भूपेंद्र चौधरी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 14 अगस्त 2026

स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को श्रद्धांजलि है तिरंगा यात्रा: भूपेंद्र चौधरी

स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को श्रद्धांजलि है तिरंगा यात्रा: भूपेंद्र चौधरी

आगरा में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा

आगरा। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर एवं आगरा जिले के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में हजारों लोगों ने भाग लिया। यात्रा का शुभारंभ कोठी मीना बाजार स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद हुआ।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा को रवाना किया। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और विकसित भारत संकल्प हमारा जैसे नारों से पूरा मार्ग देशभक्ति के रंग में रंग गया। यात्रा कोठी मीना बाजार से शाहगंज बाजार होते हुए तहसील सदर स्थित हेमू कालानी स्मारक तक पहुंची।

तिरंगा यात्रा में सबसे आगे भारत माता की झांकी रही। इसके पीछे साउंड सिस्टम की गाड़ी और मुख्य अतिथि भूपेंद्र चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया सहित जनप्रतिनिधि चल रहे थे। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों ने यात्रा में उत्साह का संचार किया। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता 500 फीट से अधिक लंबी तिरंगा चादर लेकर चल रहे थे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया और आज उन्हें सम्मान देना हम सभी का कर्तव्य है।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर बलिदानियों को सम्मान देने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों को राष्ट्रध्वज और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान से जोड़ रहा है।

यात्रा में महापौर हेमलता दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायिका रानी पक्षालिका सिंह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जी.एस. धर्मेश, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, विधायक छोटे लाल वर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। हजारों की संख्या में शामिल लोगों ने राष्ट्रध्वज हाथों में लेकर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन किया और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।

video

Pages