आगरा डायट में धूमधाम से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस, प्रशिक्षुओं ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियां - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 16 अगस्त 2026

आगरा डायट में धूमधाम से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस, प्रशिक्षुओं ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियां

आगरा डायट में धूमधाम से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस, प्रशिक्षुओं ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियां

आगरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), आगरा में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य डायट आगरा विजय प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर किया। इसके उपरांत उन्होंने माननीय बेसिक शिक्षा मंत्री के संदेश का वाचन किया।

इस अवसर पर प्राचार्य विजय प्रताप सिंह ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सपूतों के बलिदान को सदैव याद रखना चाहिए। वरिष्ठ प्रवक्ता विजय सिंह ने निदेशक, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संदेश का वाचन किया।

कार्यक्रम में डीएलएड बैच 2024 एवं 2025 के प्रशिक्षुओं ने सरस्वती वंदना, देश रंगीला रंगीला, वंदे मातरम् सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों, कविताओं और भाषणों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रशिक्षुओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले सभी प्रशिक्षुओं को उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य विजय प्रताप सिंह द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रवक्ता अनिल कुमार एवं रचना यादव ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा, प्रवक्ता यशवीर सिंह, संजीव सत्यार्थी, हिमांशु सिंह, कल्पना सिन्हा, डॉ. प्रज्ञा शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, अबु मुहम्मद आसिफ, रंजना पांडे, यशपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता, धर्मेन्द्र गौतम, तिलक जंग, आकांक्षा लवानिया, अमित दीक्षित, गौरव भार्गव सहित समस्त डायट स्टाफ मौजूद रहा।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने सभी उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षुओं का आभार व्यक्त किया।

video

Pages