विश्वासघात: ड्राईवर निकला शातिर चोर: मालिक के हैदराबाद जाते ही काट दिया दुकान का रोशनदान, 40.25 लाख नकद, आईफोन व ऑटो बरामद
पुलिस कमिश्नर ने सिकंदरा पुलिस टीम को 25 हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की
जनपद आगरा। मालिक जिस ड्राइवर पर आंख मूंदकर भरोसा करता था, उसी ने पीठ में छुरा घोंप दिया। फल व्यापारी को दिल्ली छोड़कर हैदराबाद रवाना करने के बाद ड्राइवर ने अपने पिता के साथ मिलकर मंडी स्थित दुकान का रोशनदान काटा और 40 लाख रुपये से अधिक की नगदी पार कर दी। सिकंदरा थाना पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटना का खुलासा कर आरोपी पिता-पुत्र को धर दबोचा है। इनके पास से चोरी के 40 लाख 25 हजार 200 सौ नकद, 1 आईफोन, 1 ट्रॉली बैग, 1 ब्रीफकेस, 1 झोला और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया गया है।
मालिक के जाने की थी पूरी खबर, बनाई साजिश
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी शिशुपाल ने बताया कि वह वादी का ड्राइवर था। वह अक्सर दुकान पर भी बैठता था और व्यापारी के पैसे बैंक में जमा कराने जाता था, जिसके कारण उसे गड्डियों और लॉकर की पूरी जानकारी थी।
1 अगस्त को व्यापारी को हैदराबाद जाना था। आरोपी शिशुपाल 31 जुलाई की रात को व्यापारी को अपनी गाड़ी से दिल्ली छोड़ने गया था। व्यापारी के जाते ही उसने अपने पिता वीरू के साथ मिलकर चोरी की खौफनाक योजना बनाई।
रोशनदान काटकर दुकान में घुसे, नोटों से भरा बैग उड़ाया
31 जुलाई की देर रात पिता-पुत्र दोनों सिकंदरा मंडी स्थित दुकान के पीछे खेत के रास्ते पहुंचे। दुकान का रोशनदान काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी नोटों की गड्डियों को थैले में भरकर फरार हो गए। शातिर ड्राइवर अगले दिन दिल्ली पहुंचा और व्यापारी को गाड़ी में बैठाकर हैदराबाद की ट्रेन/फ्लाइट के लिए छोड़ा। फिर 3 अगस्त को वापस दिल्ली से आगरा लेकर आया ताकि किसी को उस पर शक न हो। चोरी के रुपयों से उसने एक आईफोन और ट्रॉली बैग भी खरीद लिया था।
ऐसे हुआ पर्दाफाश
व्यापारी जब 5 अगस्त को वापस आगरा लौटा और दुकान खोली, तो रोशनदान टूटा देख और गल्ले से 40 लाख से अधिक रुपये गायब पाकर उसके होश उड़ गए। 6 अगस्त को सिकंदरा थाने में मामला दर्ज कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर शुक्रवार को केशव फार्म हाउस से जऊपुरा ग्राम की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान शिशुपालपुत्र वीरू निवासी ग्राम उसफार थाना हाईवे, जनपद मथुरा,वीरू पुत्र गणपत निवासी ग्राम उसफार थाना हाईवे जनपद मथुरा
दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया।
कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी, एसआई अजय जायसवाल (चौकी प्रभारी फैक्ट्री एरिया), एसआई नीलेश शर्मा, एसआई आकाश यादव, एसआई आकाश सिंह, एसआई विशाल कुमार, एसआई सौरभ चतुर्वेदी, हेड कांस्टेबल अनिल तिवारी, कांस्टेबल मन्नू गौतम, कांस्टेबल भूरा, कांस्टेबल सूरज एवं कांस्टेबल अजय बालियान शामिल रहे।