फतेहपुर सीकरी में गुलिस्तान गेट के पास युवक का शव मिलने से सनसनी
आगरा। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गुलिस्तान गेट के पास एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान धौलपुर जिले के थाना कोलारी क्षेत्र के गांव मालोनी खुर्द निवासी कोक सिंह पुत्र रामप्रसाद के रूप में हुई है। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि कोक सिंह 1 अगस्त को घर से निकले थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह होटल गुलिस्तान की पार्किंग गेट के पास उनका शव पड़े होने की सूचना मिली।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।