कछला गंगाघाट से लौट रहे आगरा के कांवड़ियों के जत्थे में हादसा, एक की मौत, दो गंभीर घायल
आगरा। सावन के पवित्र माह में गंगाजल लेकर लौट रहे आगरा के कांवड़ियों के जत्थे में दर्दनाक हादसा हो गया। बरेली-आगरा हाईवे पर अपने ही जत्थे की पिकअप गाड़ी से बाइक टकराने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार बाह तहसील क्षेत्र के 32 कांवड़ियों का जत्था रविवार को कछला गंगाघाट से गंगाजल लेने गया था। जत्थे में एक पिकअप वाहन, पांच बाइक और एक स्कूटी शामिल थी। गंगाजल भरने के बाद सभी श्रद्धालु वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बरेली-आगरा हाईवे पर पीछे चल रही एक बाइक अचानक आगे चल रही पिकअप गाड़ी से टकरा गई।
हादसे में शंकरपुर गांव, थाना खेड़ा राठौर निवासी मनीष पुत्र विनोद की मौत हो गई। वहीं खोहरी गांव निवासी अभिषेक पुत्र उमाशंकर और झाऊलालपुरा निवासी राहुल पुत्र रामबरन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और जत्थे में शामिल अन्य कांवड़िए तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।