आधार केंद्रों पर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र पहुंचाने वालों की अब खैर नहीं, चिन्हित कर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 11 अगस्त 2026

आधार केंद्रों पर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र पहुंचाने वालों की अब खैर नहीं, चिन्हित कर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

आधार केंद्रों पर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र पहुंचाने वालों की अब खैर नहीं, चिन्हित कर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

सीडीओ ने आधार अनुश्रवण समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश, केंद्रों पर शुल्क सूची चस्पा करने के भी आदेश

आगरा। आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन के लिए आधार केंद्रों पर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र एवं अन्य कूटरचित दस्तावेज लेकर पहुंचने वालों के खिलाफ अब प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। ऐसे फर्जी दस्तावेज आखिर कहां से बनवाए जा रहे हैं और उन्हें तैयार करने वाले कौन लोग हैं, इसकी पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई आधार अनुश्रवण समिति की बैठक में इस संबंध में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आधार संबंधी सेवाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र की जानकारी आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए आधार भुवन पोर्टल के माध्यम से अपने क्षेत्र का पोस्टल पिन कोड दर्ज कर नजदीकी आधार सेवा केंद्र का पता लगाया जा सकता है। अधिकारियों को इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को आधार सेवाओं के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।

घर बैठे मोबाइल नंबर और पता अपडेट करने की सुविधा

बैठक में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई), क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ द्वारा नामित समिति के सदस्य ने आधार की नई सुविधाओं की जानकारी दी। बताया गया कि यूआईडीएआई की आधार एप तकनीक के माध्यम से व्यक्ति घर बैठे अपने आधार में मोबाइल नंबर, पता और ई-मेल आईडी सहित निर्धारित जानकारियों को स्वयं तथा परिवार के सदस्यों के लिए अपडेट कर सकता है।

इस सुविधा का अधिक से अधिक लोगों तक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया, जिससे आधार संबंधी छोटे-छोटे कार्यों के लिए लोगों को केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें।

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र कहां से आ रहे, होगी पड़ताल

बैठक में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और अन्य संदिग्ध दस्तावेजों के आधार केंद्रों पर पहुंचने के मामले को गंभीरता से लिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि फर्जी जन्म प्रमाण पत्र अथवा अन्य फर्जी प्रपत्र लेकर आने वाले आवेदकों को चिन्हित किया जाए।

इसके साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि संबंधित फर्जी दस्तावेज आखिर कहां से बनवाए जा रहे हैं और उन्हें तैयार करने वाले लोग कौन हैं। प्रशासन ऐसे फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा। अधिकारियों के इस निर्देश के बाद फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो गई है।

आधार केंद्रों पर शुल्क सूची चस्पा करना अनिवार्य

मुख्य विकास अधिकारी ने जिले के सभी आधार सेवा केंद्र संचालकों को आधार सुविधा शुल्क की सूची केंद्रों पर प्रमुख स्थान पर चस्पा करने के निर्देश दिए। इससे लोगों को विभिन्न आधार सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क की जानकारी मिल सकेगी और अनावश्यक शुल्क वसूली पर भी रोक लगाई जा सकेगी।

बैंक और सीएससी केंद्रों की आधार किट होंगी सक्रिय

बैठक में आधार का कार्य करने वाले सभी बैंक, सीएससी सेंटर, इंडिया पोस्ट, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक सहित अन्य संबंधित संस्थानों को अपनी आधार किट सक्रिय कराने और आधार संबंधी सेवाओं का सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन का फोकस एक ओर जहां लोगों को आधार सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने पर है, वहीं दूसरी ओर फर्जी दस्तावेजों के जरिए आधार संबंधी प्रक्रिया को प्रभावित करने वालों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।

video

Pages