जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, भाजपा मंडल अध्यक्ष के परिवार पर हमले में घायल प्रधान के चाचा की मौत - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 11 अगस्त 2026

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, भाजपा मंडल अध्यक्ष के परिवार पर हमले में घायल प्रधान के चाचा की मौत

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, भाजपा मंडल अध्यक्ष के परिवार पर हमले में घायल प्रधान के चाचा की मौत

चार आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश; घायल ग्राम प्रधान का अस्पताल में इलाज जारी

आगरा। बाह देहात के बासौनी थाना क्षेत्र के गुगावली गांव में जमीन विवाद को लेकर सात अगस्त को हुआ विवाद अब खूनी संघर्ष में बदल गया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष बाह देहात एवं ग्राम प्रधान रविंद्र बघेल के परिवार पर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल उनके चाचा सुरेश की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया है कि सात अगस्त को जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया था। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने ग्राम प्रधान रविंद्र बघेल और उनके परिवार को घेर लिया तथा उनके साथ जमकर मारपीट की। हमले में ग्राम प्रधान समेत परिवार के पांच लोग घायल हुए थे। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हमले में प्रधान के चाचा सुरेश को गंभीर चोटें आई थीं। उनकी हालत शुरू से ही नाजुक बनी हुई थी और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा था। सोमवार सुबह हालत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सुरेश की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। एक घायल की मौत के बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

गंभीर हालत में ग्राम प्रधान का इलाज जारी

हमले में घायल ग्राम प्रधान रविंद्र बघेल की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उनका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है। वहीं, सुरेश की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।

अस्पताल पहुंचे थे सांसद राजकुमार चाहर

घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार को फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने घायल ग्राम प्रधान रविंद्र बघेल और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। सांसद ने पुलिस अधिकारियों से भी पूरे मामले की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

चार आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश में दबिश

मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

सुरेश की मौत के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गांव में पुलिस की निगरानी

भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान के परिवार पर हुए हमले के बाद एक घायल की मौत से मामला संवेदनशील हो गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages