शराब के ठेके पर भड़का महिलाओं का गुस्सा, जमकर की तोड़फोड़,थाना खंदौली के गांव उस्मानपुर का मामला, शराब की कई बोतलें टूटीं
10 दिन पूर्व भी महिलाओं ने किया था विरोध प्रदर्शन, ठेका हटाने की मांग पर अड़ीं रही महिलाएं
जनपद आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र के गांव उस्मानपुर में शराब के ठेके को लेकर महिलाओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को शराब ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और ठेके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उग्र महिलाओं ने ठेके के भीतर दाखिल होकर तोड़फोड़ कर दी, जिससे शराब की कई बोतलें टूटकर बिखर गईं। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आक्रोशित महिलाओं को समझा-बुझाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया।
*गांव में माहौल खराब होने से नाराज हैं ग्रामीण*
स्थानीय ग्रामीणों और महिलाओं का कहना है कि गांव के मुख्य इलाके में शराब का ठेका होने के कारण आए दिन शराबी हुड़दंग और गाली-गलौज करते हैं, जिससे महिलाओं व बच्चों का निकलना मुसीबत हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 10 दिन पहले भी महिलाओं ने इसी ठेके के बाहर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया था और प्रशासन को चेतावनी दी थी। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने से महिलाओं में भारी नाराजगी व्याप्त है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन व आबकारी विभाग से मांग की है कि उस्मानपुर गांव के बीच में स्थित इस शराब ठेके को तत्काल प्रभाव से हटाकर किसी अन्य गैर-रिहायशी स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि ठेके को जल्द नहीं हटाया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगी।