बारिश के बीच निकली विशाल तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा कमला नगर
आगरा:-बलकेश्वर मंडल के तत्वावधान में कमला नगर स्थित श्रीराम चौक से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। बारिश के बावजूद यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। देशभक्ति के गीतों पर युवा उत्साह से झूमते हुए हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़े। बारिश ने युवाओं के जोश को और बढ़ा दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ श्रीराम चौक पर देशभक्तों के चंदन का तिलक लगाकर किया गया। तिरंगा हाथों में थामे लोग देशप्रेम से सराबोर नजर आए। यात्रा पानी की टंकी, एफ ब्लॉक, आदर्श नगर और चांदनी चौक होते हुए बलकेश्वर तिराहे स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देश के प्रति जागरूकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को हर घर पर तिरंगा फहराया जाना चाहिए।
मंडल अध्यक्ष शिव शैलेंद्र सिंह ने कहा कि बारिश के बावजूद लोगों का हुजूम कम नहीं हुआ। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि लोगों के मन में देश के प्रति सम्मान और आस्था है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर कमला नगर और बलकेश्वर के हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, नगर उपाध्यक्ष राजू परमार, पूर्व नगर उपाध्यक्ष नीरज गुप्ता, बलकेश्वर मंडल अध्यक्ष शिव शैलेंद्र सिंह, पार्षद पूजा बंसल, गिर्राज बंसल, शरद माहेश्वरी, राज कुमार शाक्य, मनोज गुप्ता, मोहन सिंह वर्मा, पल्लव गुप्ता, सचिन मित्तल और लाल सिंह शाक्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।