बाह में दर्दनाक हादसा, महिला की मौत; दादी और नाती घायल
आगरा के बाह में मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फरैरा-शिकोहाबाद रोड पर नौरंगी घाट चौकी के सामने करीब दो बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सास और नाती घायल हो गए।
एटा के भरतोरी गांव निवासी नसीवन मंगलवार दोपहर अपनी बहू अफसाना और नाती अरबाज के साथ बाइक से नौरंगी घाट की ओर से गुजर रही थीं। नौरंगी घाट चौकी के सामने एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अफसाना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नाती अरबाज घायल हो गया, जबकि नसीवन के हाथ में गंभीर चोट आई और उनकी हड्डी टूट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। नसीवन की हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।