एसएन मेडिकल कॉलेज में निकली भव्य तिरंगा रैली, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा परिसर
डॉक्टरों, छात्रों और कर्मचारियों ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
आगरा। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत एसएन मेडिकल कॉलेज में बुधवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से डॉक्टरों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली का नेतृत्व महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने किया।
रैली में मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल संकाय के 400 से अधिक शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
रैली के शुभारंभ से पहले नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से 'वंदे मातरम्' का गायन किया। इसमें मौजूद शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके बाद प्रधानाचार्य कार्यालय से तिरंगा रैली शुरू हुई, जो रेडियोलॉजी विभाग तक गई। वहां से वापस प्रधानाचार्य कार्यालय होते हुए रैली एसएन मेडिकल कॉलेज के पुस्तकालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
रैली के दौरान “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। तिरंगा हाथों में लेकर चल रहे डॉक्टरों और विद्यार्थियों में देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रप्रेम का उत्साह साफ नजर आया।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने पुस्तकालय परिसर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी से हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे सम्मान एवं उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
तिरंगा रैली के समापन पर एक बार फिर “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर गूंज उठा। रैली ने चिकित्सा संस्थान में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया।