बारावफात पर आगरा में आज से रूट डायवर्जन, लोहामंडी-बोदला-मदिया कटरा जाने में होगी परेशानी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 26 अगस्त 2026

बारावफात पर आगरा में आज से रूट डायवर्जन, लोहामंडी-बोदला-मदिया कटरा जाने में होगी परेशानी

बारावफात पर आगरा में आज से रूट डायवर्जन, लोहामंडी-बोदला-मदिया कटरा जाने में होगी परेशानी

आगरा। बारावफात पर्व को लेकर बुधवार, 26 अगस्त को आगरा में कई स्थानों पर जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए यातायात पुलिस ने शहर और बाहरी मार्गों पर व्यापक रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था बुधवार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

बारावफात के जुलूस को देखते हुए लोहामंडी, मदिया कटरा, बोदला, अवधपुरी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से डायवर्जन मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।

शहर के अंदर ये रहेगा डायवर्जन

मारुति स्टेट से बोदला की तरफ भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अवधपुरी तिराहा-बोदला बिचपुरी रोड से बोदला चौराहे की ओर भी भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। सिकंदरा की तरफ से बोदला की ओर आने वाले भारी वाहनों पर भी रोक रहेगी।

इसी तरह लोहामंडी चौराहे से बोदला चौराहे की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मारुति स्टेट से बोदला की ओर जाने वाले वाहन बालाजीपुरम, 100 फुटा रोड, अवधपुरी तिराहा और बोदला-बिचपुरी रोड होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

बोदला से मारुति स्टेट की ओर जाने वाला यातायात अवधपुरी, 100 फुटा अलबतिया रोड, शंकरगढ़ की पुलिया और मारुति स्टेट होकर आगे जा सकेगा।

वहीं मदिया कटरा, सेंट जॉन्स और कोठी मीना बाजार की ओर से आने वाले किसी भी प्रकार के वाहन को एसीपी लोहामंडी गोल चक्कर से लोहामंडी चौराहे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

बाहरी मार्गों पर भी भारी वाहनों का डायवर्जन

मथुरा की तरफ से आने वाला यातायात एनएच-19 से फिरोजाबाद की ओर और फिरोजाबाद से मथुरा की ओर जाने वाला यातायात एनएच-19 पर सामान्य रूप से चलता रहेगा।

फिरोजाबाद से जयपुर की तरफ जाने वाले भारी वाहन रुनकता से दक्षिणी बाईपास होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। अलीगढ़, हाथरस और जलेसर की ओर से आने वाले वाहन टेढ़ी बगिया से रामबाग और एनएच-19 होकर आगे जा सकेंगे।

ग्वालियर और जयपुर से अलीगढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को दक्षिणी बाईपास और एनएच-19 से होकर भेजा जाएगा। फतेहाबाद रोड से आने वाले भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेंगे और इनर रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे।

शमशाबाद की तरफ से आने वाले भारी वाहन एकता पुलिस चौकी से 100 फुटा, इनर रिंग रोड होते हुए तोरा चौकी के सामने से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

फतेहपुर सीकरी की ओर से आगरा महानगर में आने वाले भारी वाहनों को पथौली नहर चौराहा से रोहता चौराहा होते हुए भेजा जाएगा। पथौली नहर चौराहा से वायु विहार तिराहा होकर आगरा आने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

अमरपुरा चौराहे से भी किसी भारी वाहन को बोदला की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।

एनएच-19 से शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

बारावफात के दौरान एनएच-19 से चलने वाले भारी वाहन आगरा महानगर क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। शहर के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर बैरियर लगाकर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।

रोहता नहर चौराहा, मलपुरा नहर चौराहा, पथौली नहर चौराहा, अमरपुरा सहित एनएच-19 के रामबाग चौराहा, वाटरवर्क्स चौराहा, सुल्तानगंज की पुलिया, भगवान टॉकीज चौराहा, खंदारी चौराहा, आरबीएस चौराहा, गुरुद्वारा गुरु का ताल, सिकंदरा तिराहा के साथ बोदला चौराहा, एत्माद्दौला तिराहा, तोरा चौकी, एकता चौकी और अन्य प्रमुख प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

यातायात पुलिस ने जुलूस के दौरान आम लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

video

Pages