अवैध असलहों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, मुढ़ी चौकी इंचार्ज गौरव सिंह की सक्रियता से अपराधियों पर कसा शिकंजा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 11 अगस्त 2026

अवैध असलहों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, मुढ़ी चौकी इंचार्ज गौरव सिंह की सक्रियता से अपराधियों पर कसा शिकंजा

अवैध असलहों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, मुढ़ी चौकी इंचार्ज गौरव सिंह की सक्रियता से अपराधियों पर कसा शिकंजा

आगरा। अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगरा कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान अवैध असलहों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस .315 बो बरामद किए गए हैं।

पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना खंदौली पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अवैध तमंचे लेकर मुढ़ी खंदौली रोड से बास रिसाल की ओर जाने वाली सड़क के आगे कच्चे रास्ते पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान विवेक शर्मा पुत्र रामनिवास शर्मा निवासी ग्राम मुढ़ी, थाना खंदौली, आगरा तथा आशीष शर्मा पुत्र कान्ता प्रसाद निवासी ग्राम मुढ़ी, थाना खंदौली, आगरा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा और एक-एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे तमंचे और कारतूस शौक-मौज के साथ लोगों को डराने के लिए रखते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खंदौली में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस पूरी कार्रवाई में मुढ़ी चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक गौरव सिंह की सक्रियता और बेहतर पुलिसिंग भी सामने आई है। गौरव सिंह अपनी तेजतर्रार कार्यशैली, क्षेत्र में लगातार गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए जाने जाते हैं। चौकी क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ-साथ सूचना तंत्र को मजबूत बनाए रखने पर उनका विशेष जोर रहता है।

मुढ़ी चौकी इंचार्ज गौरव सिंह की सक्रियता का ही परिणाम है कि पुलिस टीम ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। अवैध हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असलहाधारियों और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों में खलबली मची हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विवेक शर्मा के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आरोपी आशीष शर्मा के खिलाफ भी आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज बताया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ अवैध हथियारों के स्रोत की भी जांच कर रही है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक गौरव सिंह, उपनिरीक्षक नितिन कुमार, हेड कांस्टेबल पवन कुमार, कांस्टेबल सचिन नागर, कांस्टेबल अरुण शर्मा और कांस्टेबल मुकुल मोतला शामिल रहे।

थाना खंदौली पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और उनके जरिए लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। वहीं मुढ़ी चौकी इंचार्ज गौरव सिंह की सक्रिय और प्रभावी कार्यशैली क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस के लिए मजबूत कड़ी साबित हो रही है।

video

Pages