थाना बरहन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार,
5 अगस्त को दर्ज हुआ था मुकदमा, 8 को पीड़िता बरामद और 11 अगस्त को आरोपी गिरफ्तार
जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- कमिश्नरेट आगरा के थाना बरहन क्षेत्र में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर और जबरन अपने साथ ले जाने के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को धर दबोचा है। पुलिस ने कुछ दिन पूर्व ही अपहृता को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था, जिसके बाद से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। मंगलवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने आरोपी को बैनई बम्बे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 5 अगस्त को थाना बरहन पर एक वादिया द्वारा लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर तथा जबरन अपने साथ भगा ले गया है। इस गंभीर शिकायत को संज्ञान में लेते हुए थाना बरहन में तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 149/2026, धारा 87/137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट के उच्च अधिकारियों के निर्देशन में थाना बरहन के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से तत्परता दिखाते हुए घटना के महज तीन दिन के भीतर यानी 8 अगस्त को ही नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की थी। पुलिस ने विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए पीड़िता को उसके परिजनों के सुरक्षित सुपुर्द कर दिया था, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली थी।
बालिका की बरामदगी के बाद से ही मुख्य अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त से दूर था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। मंगलवार को थाना बरहन पुलिस टीम चेकिंग व गश्त पर मामूर थी, तभी मुखबिर द्वारा खास सूचना मिली कि मुकदमा उपरोक्त में वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बैनई बम्बे के पास घेराबंदी कर अभियुक्त विजय राठौर उर्फ गुल्ली पुत्र नवीन निवासी एत्मादपुर आगरा को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।