रकाबगंज थाना परिसर को मिला आधुनिक स्वरूप, पुलिस आयुक्त ने नवीनीकृत डिवीजन पुलिस चौकी का किया उद्घाटन - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 20 अगस्त 2026

रकाबगंज थाना परिसर को मिला आधुनिक स्वरूप, पुलिस आयुक्त ने नवीनीकृत डिवीजन पुलिस चौकी का किया उद्घाटन

रकाबगंज थाना परिसर को मिला आधुनिक स्वरूप, पुलिस आयुक्त ने नवीनीकृत डिवीजन पुलिस चौकी का किया उद्घाटन

आगरा। थाना रकाबगंज क्षेत्र में पुलिसिंग के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल, पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार और पुलिस उपायुक्त नगर सय्यद अली अब्बास की मौजूदगी में नवीनीकृत डिवीजन पुलिस चौकी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान एसीपी सदर, एसीपी ताज सुरक्षा, थाना प्रभारी रकाबगंज सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में डिवीजन पुलिस चौकी का जीर्णोद्धार कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। चौकी परिसर में पुलिसकर्मियों के लिए बैरक और बरामदे के साथ मिशन शक्ति कक्ष भी तैयार किया गया है। इसके अलावा थाना रकाबगंज के मुख्य प्रवेश द्वार का जीर्णोद्धार कर उसे भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया गया है। थाना परिसर में थाना प्रभारी कक्ष का भी नवनिर्माण कराया गया है, जिसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

महिलाओं की शिकायतों के समाधान में मददगार होगा मिशन शक्ति कक्ष

नवीनीकृत मिशन शक्ति कक्ष को महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यहां महिला शिकायतकर्ताओं और पीड़िताओं की समस्याएं सुनी जाएंगी। आवश्यकता के अनुसार उनकी काउंसलिंग तथा शिकायतों के समाधान की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कक्ष मिशन शक्ति के नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पुलिसकर्मियों के साथ आमजन को भी मिलेगी सुविधा

चौकी के जीर्णोद्धार से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल मिलने के साथ आमजन को भी बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। थाना प्रभारी कक्ष में शिकायतकर्ताओं और नागरिकों के बैठने के लिए भी बेहतर व्यवस्था की गई है। वहीं मुख्य प्रवेश द्वार के कायाकल्प से पूरे थाना परिसर को नया और व्यवस्थित स्वरूप मिला है।

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं और बेहतर बुनियादी ढांचे से सुसज्जित पुलिस थाने एवं चौकियां पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने में सहायक होंगी। आमजन की सुरक्षा, सुविधा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस व्यवस्था को लगातार बेहतर किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक और नागरिक हितैषी व्यवस्थाओं के माध्यम से पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और जनोपयोगी बनाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से पुलिस के कार्यस्थलों के साथ-साथ आमजन के लिए उपलब्ध सुविधाओं को भी बेहतर किया जा रहा है। रकाबगंज में चौकी और थाना परिसर का नवीनीकरण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने नवीनीकरण कार्य में योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिकों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने के साथ नागरिकों को भी पुलिस सेवाओं के लिए अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद माहौल उपलब्ध होगा।

video

Pages