18 साल से पुलिस को चकमा दे रहा वारंटी गिरफ्तार, ठिकाने बदल-बदलकर काट रहा था फरारी
बरहन पुलिस की बड़ी कार्यवाही: EC एक्ट व गैर-इरादतन हत्या की धारा में चल रहा था फरार
बरहन (आगरा) कानून के लंबे हाथों से 18 वर्षों तक बचता आ रहा एक शातिर गैर-जमानती वारंटी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। थाना बरहन पुलिस टीम ने वांछित व वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 18 साल से फरार चल रहे आरोपी को उसके ठिकाने से दबोच लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
2001 में जारी हुआ था गैर-जमानती वारंट
पुलिस कमिश्नरेट आगरा द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बरहन पुलिस टीम लगातार वांछितों की सुरागरसी में जुटी थी। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि आरोपी पिंकी पुत्र हाकिम सिंह के खिलाफ वर्ष 1999 में थाना बरहन में मुकदमा अपराध संख्या 172/1999 दर्ज हुआ था। इसमें धारा 39/40 EC Act तथा 287/304(A)/201 भादवि (गैर-इरादतन हत्या व साक्ष्य छिपाने) की संगीन धाराएं शामिल थीं।
मामले में वाद संख्या 112/01 के तहत माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पिछले 18 वर्षों से फरार चल रहा था और अपने मूल निवास स्थान फिरोजाबाद को छोड़कर एटा में रह रहा था।
मंगलवार को बरहन पुलिस को मुखबिर के माध्यम से गुप्त सूचना मिली कि 18 साल से फरार चल रहा वारंटी पिंकी अपने वर्तमान ठिकाने पर देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के मस्कन (नगला अहमद मरथरा, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा) पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से ग्राम अगोधा, थाना फरीहा जनपद फिरोजाबाद का रहने वाला है।