पी एम ई विद्या के लिए वीडियो बनाएंगे आगरा के शिक्षक - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 9 अगस्त 2026

पी एम ई विद्या के लिए वीडियो बनाएंगे आगरा के शिक्षक

पी एम ई विद्या के लिए वीडियो बनाएंगे आगरा के शिक्षक


आगरा, संवाददाता। पीएम ई-विद्या योजना के तहत कक्षा एक से 12 तक के छात्रों को बिना रुकावट डिजिटली माध्यम से शिक्षा देने के लिए डिजिटल वीडियो का निर्माण किया जाएगा। दीक्षा पोर्टल, डीटीएच टीवी चैनल (वन क्लास, वन चैनल) जैसे माध्यमों से बच्चों को शिक्षा दी जा रही है जिसमें उत्तर प्रदेश के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पांच चैनल मिले हैं। ताकि जिन बच्चों के पास इंटरनेट नहीं है ऐसे में वह बच्चे टीवी के माध्यम से पढ़ाई कर सकें।

अलग-अलग टीवी चैनलों पर अलग अलग कक्षाओं के वीडियो के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई की जाती है। 

एससीईआरटी लखनऊ द्वारा अभिमुखीकरण एवं प्रशिक्षण के लिए आगरा के माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के चार शिक्षकों को 3 अगस्त से 7 अगस्त तक ई कंटेंट बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

 वीडियो निर्माण के लिए प्रदेश से चयनित शिक्षकों में चार शिक्षक  जनपद आगरा के हैं। वीरांगना अवंतीबाई राजकीय इण्टर कॉलेज, कलाल खेरिया की सहायक अध्यापिका प्रिया मिश्रा, राजकीय इण्टर कॉलेज आगरा की मीता वर्मा, राजकीय हाई स्कूल जयनगर, शमशाबाद की प्रेरणा सेठ एवं प्राथमिक विद्यालय पनवारी अछनेरा की ज्योति जैन शामिल हैं।  इन्हें 3 से 7 अगस्त तक राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से आयोजित पांच दिवसीय अभिमुखीकरण एवं सह-प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल कंटेंट डिजाइन, स्टूडियो प्रस्तुतीकरण, शैक्षिक वीडियो निर्माण, गुणवत्ता मूल्यांकन और प्रभावी डिजिटल शिक्षण की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

डायट प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर अब जिले के स्कूलों में शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों को जोड़ने के लिए प्राचार्य डायट आगरा विजय प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। जिससे अधिक से अधिक लोग पीएम ई-विद्या के डीटीएच चैनलों, यूट्यूब एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का नियमित उपयोग कर सकें। डायट प्राचार्य विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पीएम ई-विद्या मंच विद्यार्थियों को नि:शुल्क, गुणवत्तापूर्ण एवं 24 घंटे उपलब्ध शैक्षिक सामग्री प्रदान करता है। इससे कठिन विषयों को समझकर, छूटे हुए पाठों की भरपाई करना और स्व-अध्ययन को बढ़ावा मिलेगा।

video

Pages