बटेश्वर महादेव मंदिर में एसीपी ने परखी व्यवस्थाएं, सावन के दूसरे सोमवार पर सुरक्षा रहेगी सख्त
कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक को लेकर अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने किया स्थलीय निरीक्षण, मंदिर समिति से की वार्ता
आगरा। सावन माह के दूसरे सोमवार और कांवड़ यात्रा को लेकर आगरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और सुरक्षित जलाभिषेक कराने के लिए अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने शनिवार को थाना बाह क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बटेश्वर महादेव मंदिर और कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और पुजारियों से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक सुझावों पर चर्चा की।
अपर पुलिस आयुक्त ने मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, कांवड़ यात्रा मार्ग, जलाभिषेक स्थल, प्रवेश और निकास मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की व्यवस्था को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रा और सोमवार को उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस अधिकारियों को भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य दूसरे सोमवार पर बटेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण में सुगम दर्शन और जलाभिषेक की सुविधा उपलब्ध कराना है।