सदर बाजार में चोरी का खुलासा: वांछित आरोपी गिरफ्तार, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
आगरा। थाना सदर बाजार पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं। इससे पहले इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार वादी ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात के समय अज्ञात चोर उसके घर में घुस गए और वहां रखे सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा संख्या 300/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बनवारी लाल उर्फ सूरज को नैनाना ब्राह्मण डेयरी फार्म ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो सफेद धातु की अंगूठियां, एक लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा, 13 जोड़ी बिछिया, पीली धातु की तीन नाक की बालियां तथा सफेद धातु की तीन पायल बरामद की गईं। बरामद आभूषणों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि इस चोरी के मामले में पहले ही राहुल शर्मा उर्फ टिन्नी और सनी उर्फ चेला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने चोरी की वारदात के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।