48 घंटे में लूट का खुलासा: कोल्ड स्टोर मैनेजर से लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, बाइक-तमंचा बरामद
आगरा। इरादतनगर थाना पुलिस ने कोल्ड स्टोर मैनेजर से हुई लूट की वारदात का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में प्रयुक्त बाइक, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि 4 अगस्त की शाम करीब 8:15 बजे कुर्रा चित्तरपुर निवासी एक कोल्ड स्टोर मैनेजर अपनी होंडा मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह वीकापुर पुलिया के पास पहुंचे, दो बदमाशों ने उन्हें तमंचे के बल पर रोक लिया और उनकी मोटरसाइकिल तथा करीब 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना इरादतनगर में मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान गुरुवार सुबह सूचना मिली कि संदिग्ध युवक वीकापुर पुलिया के आसपास मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में प्रयुक्त दूसरी बाइक, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लूटी गई मोटरसाइकिल की पहचान मिटाने की तैयारी में थे। उन्होंने बाइक की नंबर प्लेट हटा दी थी और चेसिस नंबर को भी घिसकर मिटाने का प्रयास किया था, ताकि वाहन की पहचान न हो सके। हालांकि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए बाइक बरामद कर ली और आरोपियों की योजना विफल कर दी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का अन्य लूट की घटनाओं से भी कोई संबंध है या नहीं।