आगरा में फिल्म 'बंटवारा' के विरोध में प्रदर्शन, पोस्टर जलाकर बैन की मांग
आगरा। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'बंटवारा' को लेकर मंगलवार को आगरा में विरोध प्रदर्शन किया गया। योगी यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फिल्म को लेकर नाराजगी जताते हुए राजपुर चुंगी स्थित पन्ना सिनेमा के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने फिल्म के पोस्टर फाड़े और उन्हें जलाकर अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभाने वाले अभिनेता सनी और आमिर के पोस्टर भी फाड़े।
हिंदुओं को गलत तरीके से दिखाने का आरोप
योगी यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि फिल्म में हिंदू समाज को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जबकि मुस्लिम समुदाय को बेहतर तरीके से दिखाने का प्रयास किया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश के विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में हिंदू और सिख लोगों को हिंसा का सामना करना पड़ा था। उनका आरोप है कि फिल्म के माध्यम से हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा।
सरकार से फिल्म पर रोक लगाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से फिल्म की सामग्री की समीक्षा कर 'बंटवारा' फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। उनका कहना है कि ऐसी फिल्में समाज की भावनाओं को प्रभावित कर सकती हैं और ऐतिहासिक घटनाओं को लेकर विवाद पैदा कर सकती हैं।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने फिल्म के विरोध में जमकर नारेबाजी की और सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।