दूरा गांव में घर के बाहर फायरिंग से मची दहशत, फतेहपुर सीकरी पुलिस ने तमंचे समेत आरोपी दबोचा
आगरा। फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के दूरा गांव में घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है।
बताया गया है कि गांव में रात के समय तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। घर के बाहर पहले गाली-गलौज और धमकी का दौर चला, जिसके बाद एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान के लिए अहम सुराग मिले। पुलिस टीम ने सर्विलांस के माध्यम से भी आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ललित उर्फ खिलौना को रौझोली-टीकरी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
प्रारंभिक पूछताछ में फायरिंग की वजह पुरानी खुन्नस बताई जा रही है। बताया गया कि नाती को चिढ़ाने को लेकर हुई खुन्नस के बाद आरोपी पक्ष में विवाद बढ़ गया था। इसी रंजिश में आरोपी अपने साथियों के साथ घर के बाहर पहुंचा और विवाद के दौरान फायरिंग कर दी।
पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर घटना में शामिल उसके अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही है। फायरिंग की वारदात में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
थाना पुलिस और एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई के बाद गांव में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।