आगरा में बारिश बनी आफत: कहीं सड़क धंसी तो कहीं मकान गिरा, ताजगंज में सड़क में समाया ट्रक; हाईवे पर पानी में डूबा ऑटो - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 8 अगस्त 2026

आगरा में बारिश बनी आफत: कहीं सड़क धंसी तो कहीं मकान गिरा, ताजगंज में सड़क में समाया ट्रक; हाईवे पर पानी में डूबा ऑटो

आगरा में बारिश बनी आफत: कहीं सड़क धंसी तो कहीं मकान गिरा, ताजगंज में सड़क में समाया ट्रक; हाईवे पर पानी में डूबा ऑटो

आगरा। शुक्रवार को हुई बारिश ने आगरा की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। शहर में जगह-जगह जलभराव के साथ सड़क धंसने और मकान गिरने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कमला नगर के कर्मयोगी क्षेत्र में सड़क धंसने से करीब 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया तो बेलनगंज में जर्जर मकान भरभराकर गिर पड़ा। ताजगंज में गुजर रहा ट्रक अचानक सड़क में धंस गया। वहीं हाईवे पर पानी भरने से एक ऑटो डूब गया। कई जगह वाहन भी हादसे का शिकार हुए।

कर्मयोगी फव्वारा रोड पर 10 फीट गहरा गड्ढा

कमला नगर के कर्मयोगी फव्वारा रोड पर शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अचानक सड़क धंस गई। सड़क के बीचोंबीच करीब पांच फीट चौड़ा और लगभग 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गनीमत रही कि जिस समय सड़क धंसी, उस वक्त वहां कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह सड़क कुछ महीने पहले ही बनी थी। इसके बावजूद इतनी जल्दी सड़क धंसने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने में इसी सड़क पर दूसरी बार बड़ा गड्ढा हुआ है।

सड़क धंसने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव नितिन कोहली ने सीढ़ी के सहारे गड्ढे में उतरकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क निर्माण में लापरवाही और मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। हादसे के बाद सुरक्षा के लिहाज से रास्ते को बंद कर दिया गया।

बेलनगंज में जर्जर मकान भरभराकर गिरा

बारिश के बीच बेलनगंज में एक पुराना और जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान का मलबा सड़क पर जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त मकान की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया।

बताया जा रहा है कि मकान लंबे समय से खाली था। बारिश के दौरान उसके गिरने से आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।

ताजगंज में सड़क में धंसा ट्रक

ताजगंज क्षेत्र में भी बारिश के बाद सड़क धंसने की घटना सामने आई। यहां से गुजर रहा एक ट्रक अचानक सड़क में धंस गया। देखते ही देखते ट्रक का आधे से अधिक हिस्सा सड़क में समा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

गनीमत रही कि ट्रक के सड़क में धंसने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना ने सड़क की मजबूती और जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

भावना क्लार्स इन के पास डिवाइडर पर चढ़ी कार

शुक्रवार शाम भावना क्लार्स इन के सामने एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। हालांकि कार की चपेट में कोई राहगीर नहीं आया। आसपास के लोगों ने मदद कर कार को डिवाइडर से नीचे उतारा।

बारिश ने खोल दी व्यवस्थाओं की पोल

शहर में सीवर और पानी की पाइपलाइन डालने के लिए जगह-जगह सड़कें खोदी गई हैं। बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़कें धंसने और जलभराव की स्थिति सामने आने से निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने यह भी चिंता बढ़ा दी है कि यदि समय रहते सड़कों और जर्जर भवनों की जांच नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

video

Pages