आगरा में बारिश के बाद थमा शहर, जलभराव ने बढ़ाई मुसीबत; एमजी रोड से हाईवे तक जाम ही जाम
आगरा। शुक्रवार शाम हुई तेज बारिश के बाद आगरा में शहर की रफ्तार थम गई। बारिश से जहां शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, वहीं बारिश थमते ही सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और देखते ही देखते जगह-जगह लंबा जाम लग गया। कॉलोनियों से लेकर मुख्य मार्गों और हाईवे तक पानी और जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
करीब साढ़े चार बजे बारिश बंद होने के बाद सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई। एमजी रोड से लेकर हाईवे तक यातायात प्रभावित रहा। वाटर वर्क्स चौराहा, जीवनी मंडी चौराहा, गधा पाड़ा, सुल्तानगंज पुलिया समेत कई इलाकों में बारिश का पानी सड़कों पर भर गया। जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और कुछ ही देर में कई मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई।
जलभराव के बीच जाम से जूझते रहे वाहन चालक
शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सड़क पर भरे पानी के बीच वाहन रेंगते नजर आए। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह जलभराव के कारण वाहन चालकों को सड़क के किनारे से निकलने के लिए मजबूर होना पड़ा।
जाम की सूचना पर यातायात पुलिसकर्मी भी अलग-अलग चौराहों पर पहुंच गए और यातायात को व्यवस्थित करने में जुटे रहे। पुलिसकर्मी वाहनों को निकालने के लिए लगातार मशक्कत करते दिखाई दिए।
गुरुद्वारा कट तिराहे पर ट्रक खराब, हाईवे पर लंबा जाम
आगरा के गुरुद्वारा कट तिराहे पर फिरोजाबाद जाने वाली साइड यानी एनएच-19 पर एक ट्रक खराब हो गया। ट्रक के सड़क पर खराब होने के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हाईवे पर जाम का असर काफी दूर तक दिखाई दिया। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस ने स्थिति संभालते हुए वाहनों को एक लाइन में निकालना शुरू किया, जिससे धीरे-धीरे यातायात को आगे बढ़ाया गया।
बारिश, जलभराव और उसके बाद लगे जाम ने शुक्रवार शाम आगरा की रफ्तार पूरी तरह धीमी कर दी। शहर के प्रमुख मार्गों पर देर शाम तक लोग जाम और जलभराव की समस्या से जूझते नजर आए।