एक्टिवा की टक्कर से कांवड़ खंडित, हाईवे पर कांवड़ियों ने लगाया जाम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 17 अगस्त 2026

एक्टिवा की टक्कर से कांवड़ खंडित, हाईवे पर कांवड़ियों ने लगाया जाम

एक्टिवा की टक्कर से कांवड़ खंडित, हाईवे पर कांवड़ियों ने लगाया जाम

आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रविवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कांवड़ लेकर जा रहे एक युवक को एक्टिवा सवार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल भाई को संभालने के दौरान उसकी बहन ने कांवड़ सड़क किनारे रख दी। इसी दौरान कांवड़ खंडित हो गई। कांवड़ खंडित होने की जानकारी मिलते ही साथी कांवड़िये आक्रोशित हो गए और उन्होंने नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।

मामला राधे-राधे हॉस्पिटल के सामने का है। शमसाबाद क्षेत्र के ज्ञान सिंह की घड़ी गांव निवासी कांवड़िये कासगंज से कांवड़ लेकर अपने गांव लौट रहे थे। जत्थे में युवक की बहन पूजा भी शामिल थीं और वह भी कांवड़ लेकर चल रही थीं।

बताया गया है कि युवक अपनी बहन पूजा को खाना देने के लिए जा रहा था। इसी दौरान हॉस्पिटल के सामने एक एक्टिवा सवार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक सड़क पर गिर गया और उसके शरीर में मामूली चोटें आईं। भाई को घायल देखकर पूजा उसे संभालने के लिए दौड़ीं। इसी दौरान उन्होंने अपनी कांवड़ सड़क किनारे रख दी, जहां कांवड़ खंडित हो गई।

कांवड़ टूटने की खबर जैसे ही साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों को मिली, उनमें आक्रोश फैल गया। कांवड़ियों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। हाईवे पर अचानक कांवड़ियों के रुकने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।

सूचना मिलते ही एत्मादपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कांवड़ियों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली और उन्हें शांत कराया।

थाना प्रभारी ने बताया कि एक्टिवा की टक्कर से युवक को मामूली चोट आई थी। कांवड़ खंडित होने के बाद कांवड़ियों की आस्था को देखते हुए पुलिस ने नई कांवड़ की व्यवस्था कराने का निर्णय लिया।

पुलिस की गाड़ी से दो कांस्टेबल और तीन कांवड़ियों को कासगंज भेजा गया, ताकि वहां से नई कांवड़ लेकर वापस आया जा सके। पुलिस की इस पहल के बाद कांवड़ियों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने नेशनल हाईवे से जाम हटा लिया।

पुलिस की तत्परता से स्थिति बिगड़ने से बच गई और हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।

video

Pages