आगरा में बड़ा हादसा टला, चाय बनाते समय तेज धमाके के साथ फटा गैस सिलेंडर
आगरा। थाना एकता क्षेत्र के पचगई खेड़ा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में लीकेज के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही देर बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सिलेंडर में हुए जोरदार धमाके से मकान की दीवारें उखड़ गईं और घर का सामान बिखर गया।
बताया गया है कि पचगई खेड़ा निवासी उदयभान अपने परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार सुबह उनके घर की रसोई में चाय बनाई जा रही थी। इसी दौरान गैस चूल्हे से जुड़े पाइप में लीकेज होने के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तेजी से फैलते हुए गैस सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लिया।
खतरा भांपकर घर से बाहर निकला परिवार
आग बढ़ती देख परिवार के लोगों को खतरे का अंदेशा हो गया। सभी लोग तत्काल घर से बाहर निकल गए। परिवार के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि मकान की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और दरवाजे टूटकर दूर जा गिरे। घर में रखा सामान भी इधर-उधर बिखर गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर निकल चुके थे, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गैस चूल्हे के पाइप में लीकेज के कारण एलपीजी का रिसाव होना बताया जा रहा है।
हादसे के बाद मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने भी गैस सिलेंडर और पाइप की समय-समय पर जांच कराने तथा गैस रिसाव की स्थिति में तत्काल सावधानी बरतने की अपील की है।