अवैध हथियारों के खिलाफ फतेहपुर सीकरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन अभियुक्त गिरफ्तार
आगरा। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक बोलेरो मैक्स सवार तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो 12 बोर के तमंचे और एक 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। मौके से घटना में प्रयुक्त बोलेरो मैक्स वाहन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध बोलेरो मैक्स में कुछ लोग अवैध हथियार लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया और ग्राम अरेहरा के पास नहर की पटरी पर घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
पुलिस को देखकर वाहन सवार तीनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान लोकेश कुमार उर्फ बाबू के कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा, दीपेन्द्र उर्फ दीप के कब्जे से एक अन्य 12 बोर का तमंचा तथा राजेश कुमार के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। इसके अलावा मौके से एक बोलेरो मैक्स वाहन भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लोकेश कुमार उर्फ बाबू पुत्र वकील निवासी नगला रमले, थाना फतेहपुर सीकरी, आगरा, दीपेन्द्र उर्फ दीप पुत्र गंगाराम निवासी नगला रमले, थाना फतेहपुर सीकरी, आगरा और राजेश कुमार पुत्र रघुवीर निवासी नगला लोधा, थाना चिकसाना, जिला भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर थाना फतेहपुर सीकरी में मु0अ0सं0 294/2026, धारा 3/9/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त लोकेश कुमार उर्फ बाबू के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह, निरीक्षक अपराध अरविंद कुमार तोमर, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, हिमांशु पाल, रजनेश कुमार, मोहित चौहान, दिलशाद खान, प्रशांत कुमार तथा कांस्टेबल रोहित सोम, दीपक कुमार, अरुण कुमार और सुकांत सोलंकी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फतेहपुर सीकरी पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ चेकिंग एवं कार्रवाई लगातार जारी है।