आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन और रेलवे अस्पताल का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं से लेकर निर्माण कार्यों तक का लिया जायजा
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के उप महाप्रबंधक (सामान्य) अतुल कुमार मिश्रा ने शनिवार को आगरा मंडल रेलवे अस्पताल एवं आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में और सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
रेलवे अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्थाओं की परखी हकीकत
आगरा मंडल रेलवे अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उप महाप्रबंधक ने सिक-फिट रूम, रिकॉर्ड रूम, चिकित्सकों के कक्ष, फिजियोथेरेपी यूनिट, मेडिकल स्टोर, एफएसओ कार्यालय, लैब एवं टेस्टिंग सुविधा सहित विभिन्न चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधा, नवनिर्मित भवन, ऑपरेशन थिएटर, पंजीकरण प्रक्रिया, मरीजों के बैठने की व्यवस्था और स्वल्पाहार गृह का भी जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
उप महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
आगरा फोर्ट स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की समीक्षा
इसके बाद अतुल कुमार मिश्रा ने आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, वेटिंग हॉल और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
स्टेशन पर चल रहे वॉल पेंटिंग कार्य को बेहतर एवं आकर्षक बनाने पर जोर दिया गया, ताकि स्टेशन की सुंदरता में और निखार आए। इसके साथ ही रूफ टॉप शॉप्स का निरीक्षण कर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अच्छे ब्रांड्स के आउटलेट तथा OSOP (One Station One Product) जैसे स्टॉल एवं दुकानों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
वॉशरूम और फर्स्ट एंट्री एरिया का भी निरीक्षण
उप महाप्रबंधक ने स्टेशन के वॉशरूम का निरीक्षण कर स्वच्छता और यात्री सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने स्टेशन के फर्स्ट एंट्री एरिया का भी निरीक्षण किया और इसके सौंदर्याकरण, स्वच्छता तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर प्रसाद, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) आर.के. बघेला, मंडल इंजीनियर तृतीय अनादि मित्तल, मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर शुभम अग्रहरि, स्टेशन निदेशक संतोष त्रिपाठी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक संजय कुमार गौतम, सहायक मंडल इंजीनियर बी.एल. मीना सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेलवे अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा आगरा फोर्ट स्टेशन पर यात्रियों को स्वच्छ, सुविधाजनक और बेहतर यात्री अनुभव उपलब्ध कराने के साथ-साथ विकास एवं निर्माण कार्यों को समयबद्ध गति देना रहा।