आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे वाहन में घुसी बस, 40 यात्री थे सवार; मची चीख-पुकार
आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब एक निजी बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार करीब 40 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच गए। हादसे में बस के कंडक्टर के पैर में मामूली चोट आई।
घटना तड़के करीब 4:45 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 31+300 पर हुई। जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी हॉलीडे ट्रैवल्स की निजी बस पटना से दिल्ली जा रही थी। बस को चालक विजय सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी श्यामदासपुर, थाना अतरौली, हरदोई चला रहा था। इसी दौरान बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन से जा टकराई।
टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी तेज थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी सुधीश कुमार शुक्ला, लुहारी चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार, ज्वाला प्रसाद पुलिस बल और यूपीडा की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई।
मौके पर टीम को बस का कंडक्टर घायल अवस्था में मिला। उसके दाहिने पैर में हल्की चोट आई थी। यूपीडा की एंबुलेंस से घायल कंडक्टर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा गया।
सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
हादसे के बाद पुलिस और यूपीडा की टीम ने बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इससे यात्रियों को काफी राहत मिली।
वहीं, क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया। पुलिस और यूपीडा की टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई की।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस आगे चल रहे अज्ञात वाहन की जानकारी जुटाने में लगी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस किस वाहन से टकराई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। फिलहाल हादसे में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
गनीमत रही कि भीषण टक्कर के बावजूद करीब 40 यात्रियों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।