रक्षाबंधन पर कंस मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की पैनी नजर, डीसीपी पूर्वी जोन ने लिया जायजा; संवेदनशील स्थानों पर किया पैदल गश्त
आगरा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आयोजित कंस मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर आगरा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन, कमिश्नरेट आगरा अभिषेक कुमार अग्रवाल ने कंस मेले का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेले में तैनात पुलिस बल के साथ संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा।
पुलिस उपायुक्त ने मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। साथ ही मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए पुलिस उपायुक्त ने मेला आयोजकों और संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था लगातार प्रभावी बनी रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर दिया सुरक्षा का संदेश
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन ने थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। पैदल गश्त के जरिए पुलिस ने आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ ही असामाजिक तत्वों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पैदल गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राम भेज सिंह, मुख्य आरक्षी उदेश पाल, आरक्षी दिनेश कुमार और आरक्षी निशान्त कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने से पुलिसकर्मियों में भी उत्साह नजर आया। आगरा पुलिस का प्रयास रहा कि कंस मेले में आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व का आनंद ले सकें।