“हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आगरा पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा रैली
आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आगरा पुलिस द्वारा भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त, आगरा के निर्देशन में यूपी-112 एवं पुलिस लाइंस में नियुक्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के साथ तिरंगा रैली निकाली।
रैली का शुभारंभ रिजर्व पुलिस लाइंस, आगरा से हुआ। तिरंगा रैली कलेक्ट्रेट चौराहा, सुभाष पार्क, आगरा कॉलेज, हरीपर्वत चौराहा से यू-टर्न लेते हुए पुनः सुभाष पार्क, पंचकुइया चौराहा और तहसील तिराहा होते हुए वापस पुलिस लाइंस पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। रैली के माध्यम से आमजन को भी “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिसकर्मियों ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की। रैली के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।