80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगी ताजनगरी, सरकारी कार्यालयों से स्कूल-कॉलेजों तक लहराया तिरंगा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 16 अगस्त 2026

80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगी ताजनगरी, सरकारी कार्यालयों से स्कूल-कॉलेजों तक लहराया तिरंगा

80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगी ताजनगरी, सरकारी कार्यालयों से स्कूल-कॉलेजों तक लहराया तिरंगा

आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को ताजनगरी पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। सरकारी कार्यालयों से लेकर स्कूल-कॉलेजों और सामाजिक संस्थानों तक जगह-जगह शान से तिरंगा लहराया गया। सुबह से ही राष्ट्रगान, देशभक्ति के गीतों और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। हर तरफ तिरंगे की छटा और देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान का भाव दिखाई दिया।

कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

दीवानी परिसर में जिला जज संजय कुमार मलिक ने ध्वजारोहण किया। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम मनीष बंसल ने तिरंगा फहराकर सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कलेक्ट्रेट परिसर को तिरंगे रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, विकास भवन में सीडीओ प्रतिभा सिंह, आगरा विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष ए. अरुणमौली, नगर निगम में नगर आयुक्त संतोष कुमार तथा मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने ध्वजारोहण किया। सभी स्थानों पर राष्ट्रगान के साथ देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया गया।

स्कूल-कॉलेजों में दिखा उत्साह

शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में सुबह ध्वजारोहण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह शुरू हुए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, नृत्य, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। कई विद्यालयों में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।

छोटे बच्चों से लेकर कॉलेज विद्यार्थियों तक हर वर्ग में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। स्कूल परिसरों को तिरंगे रंगों से सजाया गया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और योगदान को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

पूरी ताजनगरी में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने राष्ट्रीय पर्व को उत्साह एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाया।

video

Pages