आगरा में दर्दनाक घटना: होटल के कमरे में युवक ने दी जान, वीडियो कॉल के बाद महिला मित्र ने भी उठाया खौफनाक कदम
आगरा। सैंया क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां होटल के कमरे में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद उसकी महिला मित्र ने भी अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों की मौत के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सैंया क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी करीब 25 वर्षीय युवक की शादी हो चुकी थी। बुधवार को वह कुर्राचित्तरपुर के पास हाईवे स्थित एक होटल में पहुंचा था। बताया गया कि युवक ने अपनी महिला मित्र को फोन कर होटल आने के लिए कहा था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची।
इसके बाद युवक ने होटल में कमरा लिया। आरोप है कि होटल के कमरे में उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली और इस दौरान महिला मित्र को वीडियो कॉल भी की। वीडियो कॉल देखकर महिला मित्र घबरा गई और होटल पहुंची। उसने होटल कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खोलकर युवक को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुबह घर में मिला महिला मित्र का शव
युवक की मौत के बाद उसकी महिला मित्र भी गहरे सदमे में आ गई। देर रात उसने कथित तौर पर अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह काफी देर तक युवती कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। युवती का शव पंखे से लटका हुआ था।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और युवक तथा युवती के बीच हुई बातचीत सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
बताया गया कि युवती के घर पर उस समय उसकी वृद्ध मां और भाभी मौजूद थीं, जबकि उसका भाई काम के सिलसिले में बाहर था। एक ही घटनाक्रम से जुड़े दो मौतों की खबर से दोनों परिवारों में मातम छा गया।
एसीपी जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि दोनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।