आगरा: दहेज हत्या मामले में मृतका के ससुर गिरफ्तार, फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई
आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ कथित मारपीट और उसकी मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता ने थाना फतेहाबाद में दर्ज कराई गई तहरीर में आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से राहुल निवासी ग्राम धारापुरा, थाना फतेहाबाद के साथ किया था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष ने विवाहिता के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में थाना फतेहाबाद पर मुकदमा संख्या 183/2026 धारा 85, 80(2) बीएनएस एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना फतेहाबाद पुलिस ने ग्राम धारापुरा स्थित उसके घर से मृतका के ससुर राजन सिंह पुत्र बेताल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपों की न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे जांच जारी है।