पर्यटन पुलिस टीम द्वारा पर्यटन स्थल के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वाले 04 लपके/हॉकर गिरफ्तार
आगरा में पर्यटन स्थलों के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों/हॉकरों पर प्रभावी रोकथाम एवं कार्रवाई के संबंध में पुलिस उपायुक्त, नगर द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के क्रम में थाना पर्यटन पुलिस टीम द्वारा लपकों/हॉकरों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना पर्यटन पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि पर्यटन स्थल के आसपास कुछ लपके पर्यटकों को घेरकर ताजमहल घुमाने, होटल बुक कराने, गाइड उपलब्ध कराने तथा अन्य विभिन्न तरीकों से अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं।
सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त, ताज सुरक्षा के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी पर्यटन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए पर्यटकों को परेशान करने एवं अव्यवस्था फैलाने वाले 04 लपकों/हॉकरों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस द्वारा पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम पर्यटन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लपकों/हॉकरों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।