रामबाग पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर महिला की पिटाई, वीडियो वायरल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 8 सितंबर 2026

रामबाग पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर महिला की पिटाई, वीडियो वायरल

रामबाग पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर महिला की पिटाई, वीडियो वायरल

जनपद आगरा:-एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में रामबाग पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर एक महिला के साथ दिनदहाड़े हुई मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब एक मिनट नौ सेकंड के इस वीडियो में एक युवक महिला को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटता और जान से मारने की धमकी देता नजर आ रहा है।

घटना रामबाग चौकी के पास सर्विस रोड की बताई जा रही है। वीडियो में दिख रहा है कि विवाद के बाद युवक महिला से हाथापाई करने लगता है, उसे जमीन पर गिरा देता है और बेरहमी से पिटाई शुरू कर देता है। महिला खुद को बचाने की कोशिश करती है। इस दौरान मौके पर लोगों की आवाजाही बनी रही। कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे तो कुछ ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन युवक का आक्रामक रवैया जारी रहा। वीडियो में उसके साथ मौजूद एक बुजुर्ग महिला भी दिख रही है।

सबसे बड़ा सवाल पुलिस की मौजूदगी को लेकर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना स्थल चौकी से चंद कदम दूर है, फिर भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। लोगों का आरोप है कि चौकी के आसपास नियमित गश्त नहीं होने से दबंगों के हौसले बढ़े हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पहले भी चौकी से करीब 50 मीटर दूर एक युवक के साथ मारपीट की घटना हुई थी।

वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पीड़िता की पहचान की जा रही है। पीड़िता की पहचान कर उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages