जनकपुरी महोत्सव से पहले भावना एस्टेट को 12 करोड़ की सौगात, सड़क-नाली से लेकर जल निकासी तक होंगे बड़े काम
आगरा। जनकपुरी महोत्सव के उल्लास के बीच भावना एस्टेट और जनकपुरी क्षेत्र को करीब 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। नगर निगम की ओर से क्षेत्र में सड़क निर्माण, नाली मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीसी सड़क, हॉटमिक्स सड़क सुधार और नालों को कवर करने सहित कई विकास कार्य कराए जाएंगे। महापौर हेमलता दिवाकर ने विधि-विधान और पूजा-पाठ के साथ विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
शुभारंभ कार्यक्रम में महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव के अब तक के आयोजनों में इस बार क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा विकास बजट दिया गया है। उन्होंने कहा कि जनकपुरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है और यहां आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जाएंगे।
कार्यक्रम के बाद महापौर ने जनकपुरी आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के आवास पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राजू यादव के नेतृत्व में जनकपुरी क्षेत्र के विकास का खाका तैयार किया गया था, जिसे अब धरातल पर उतारने का काम शुरू हो रहा है।
इन इलाकों में सड़क और नाली के काम
विकास कार्यों के तहत हरीपर्वत जोन के कक्ष संख्या 88 में यथार्थ हॉस्पिटल से बाबरपुर पानी की टंकी तक हॉटमिक्स सड़क का सुधार कराया जाएगा। इसी मार्ग पर साइड पटरी की मरम्मत और डिवाइडर की रंगाई-पुताई भी होगी।
भावना एस्टेट क्षेत्र में पुरुषोत्तम हॉस्पिटल से भावना एस्टेट गेट तक, ठाकुर साहब के मकान से सुरेंद्र सिंह के मकान तक, कैफेटेरिया से भावना एस्टेट मार्ग तथा सचखंड हॉस्पिटल से भावना एस्टेट मार्ग तक नाली मरम्मत, साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग टाइल्स और सीसी सड़क के कार्य कराए जाएंगे।
बुलेट शोरूम से बलदेव आशियाना होते हुए केआर नगर तिराहे और नशा मुक्ति केंद्र तक नाली मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स और हॉटमिक्स सड़क निर्माण का कार्य होगा। महर्षिपुरम तिराहे से भावना एस्टेट रोड तक तथा शकुंतला कॉम्प्लेक्स, खाटू श्याम प्रॉपर्टी डीलर और पावर हाउस जिम वाली गली में भी साइड पटरी, नाली और सड़क निर्माण के काम प्रस्तावित हैं।
शिवाकुंज से विनायक नगर तक निर्माण
शिवाकुंज में नाली मरम्मत के साथ इंटरलॉकिंग टाइल्स और सीसी सड़क बनाई जाएगी। कावेरी कौस्तुभ के पीछे उमा कुंज गली नंबर-1 में सीसी सड़क और नाली निर्माण कराया जाएगा। वहीं विनायक नगर में बृजेश सदन से बाबरपुर होते हुए नगर निगम मैरिज होम तक सीसी सड़क का निर्माण होगा।
अमर उजाला प्रेस से केआर नगर तिराहे तक साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, नाली और हॉटमिक्स सड़क निर्माण के कार्य भी कराए जाएंगे।
नालों को कवर करने पर भी रहेगा जोर
क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नालों को कवर करने का भी काम होगा। यथार्थ हॉस्पिटल से बाबरपुर पानी की टंकी तक और भावना एस्टेट रोड से होली पब्लिक स्कूल तक दोनों ओर नाला कवर किया जाएगा।
कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट के बगल से उमा कुंज गली नंबर-4 में पार्षद सुनील शर्मा के आवास की ओर जाने वाली सड़क के दोनों ओर साइड पटरी, सीसी नाली और सीसी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।
आयोजन समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद
विकास कार्यों के शुभारंभ के दौरान जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, कोषाध्यक्ष आकाश ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, कपिल पोरवाल, निमित्त पोरवाल, पंकज पाठक, नरेंद्र शर्मा, डॉ. धीरज शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, महिला मंडल की अध्यक्ष अमृता पोरवाल, मुख्य संरक्षक आरती शर्मा, मुख्य संयोजक शुचि खंडेलवाल, अनुराधा वर्मा और वाणी चौहान सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे। नगर निगम के मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव और जूनियर इंजीनियर हरिओम सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।