आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027: EVM एवं VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच 02 से 21 सितंबर तक - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 6 सितंबर 2026

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027: EVM एवं VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच 02 से 21 सितंबर तक

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027: EVM एवं VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच 02 से 21 सितंबर तक

EVM-VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच शुरू, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी कर सकेंगे FLC प्रक्रिया का अवलोकन

पारदर्शिता के साथ होगी EVM-VVPAT की FLC, BEL/ECIL के अधिकृत इंजीनियर करेंगे जांच

आगरा:- जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (First Level Checking-FLC) जनपद आगरा में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जा रही है।

प्रत्येक निर्वाचन से पूर्व निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली EVM एवं VVPAT की जांच एवं परीक्षण संबंधित निर्माता कंपनी के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में किया जाता है। FLC में जांच के निर्धारित मानकों पर सफल पाए जाने वाली EVM एवं VVPAT का ही निर्वाचन में उपयोग किया जाता है। FLC की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित Manual on Electronic Voting Machine में दी गई है।

उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में उपयोग की जाने वाली EVM एवं VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा 02 सितंबर 2026 से 21 सितंबर 2026 तक की जा रही है। यह प्रक्रिया नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, टुंडला रोड परिसर स्थित वेयरहाउस-02, आगरा में निर्धारित की गई है।

भारत निर्वाचन आयोग के मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुसार EVM एवं VVPAT की FLC प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

FLC प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर पर भी की जाती है। इसके माध्यम से FLC के दौरान निर्धारित मानकों एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाता है।

जिला मुख्यालय स्थित मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों से 28 अगस्त 2026 एवं 01 सितंबर 2026 को लिखित रूप में अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित अवधि में FLC प्रक्रिया के अवलोकन हेतु अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत करें। प्राप्त अनुरोध पत्रों के संबंध में संबंधित राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालयों द्वारा भी आवश्यक पुष्टि (Endorsement) की जा चुकी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि FLC प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सूचना, समन्वय एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
------------

video

Pages