कृषि तकनीक के प्रचार-प्रसार के लिए वाहन चालक, एलसीडी ऑपरेटर एवं हेल्पर की आवश्यकता
किसान सेवा रथ के संचालन के लिए 100 कार्य दिवस हेतु कार्मिकों की होगी नियुक्ति
वाहन चालक को ₹500, एलसीडी ऑपरेटर व हेल्पर को ₹400 प्रतिदिन मिलेगा मानदेय
इच्छुक अभ्यर्थी सात दिन के अंदर उप कृषि निदेशक कार्यालय में स्वयं प्रस्तुत करें आवेदन
आगरा:-उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार ने अवगत कराया है कि कृषि तकनीक किसान सेवा रथ के माध्यम से जनपद आगरा एवं मंडल के फिरोजाबाद के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि तकनीकी के प्रचार-प्रसार हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 में 100 कार्य दिवसों के लिए दैनिक मानदेय पर कार्मिकों की आवश्यकता है। इसके लिए वाहन चालक को 500 रुपये प्रतिदिन, एलसीडी ऑपरेटर को 400 रुपये प्रतिदिन तथा हेल्पर को 400 रुपये प्रतिदिन का मानदेय देय होगा।
उन्होंने बताया कि वाहन चालक पद के लिए हैवी मोटर लाइसेंस अनिवार्य होने के साथ दो वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। एलसीडी ऑपरेटर के लिए एलसीडी संचालन एवं आईटीआई/मान्यता प्राप्त ट्रेनिंग सेंटर से प्रदत्त प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। हेल्पर पद के लिए कक्षा-8 उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। चयनित वाहन चालक, एलसीडी ऑपरेटर एवं हेल्पर की राजकीय वाहन तथा यंत्रों के रख-रखाव एवं सुरक्षा की पूर्ण जिम्मेदारी होगी।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसी विवाद की स्थिति में न्यायिक क्षेत्र जनपद आगरा रहेगा। उक्त कार्य पूर्ण रूप से अस्थायी है तथा किसी भी समय सेवाओं को समाप्त किया जा सकता है। अनुबन्ध प्रथम आवक प्रथम पावक के आधार पर किया जाएगा।
इच्छुक व्यक्ति अपना आवेदन पत्र कार्यालय उप कृषि निदेशक, पचकुइयां, ताज मोटर्स के सामने, शाहगंज, आगरा-282010 में विज्ञप्ति प्रकाशन के सात दिन के अंदर स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकते हैं। डाक अथवा अन्य किसी माध्यम से भेजे गए आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।