टेढ़ी बगिया में बेकाबू हुआ टाइल्स से भरा लोडर, कार-बाइक को 20 मीटर तक घसीटा
हाइट बैरियर से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई कार, लोडर के पहिए में फंसा लोहे का गार्डर तो रुका वाहन; भीड़ ने चालक को पकड़ा
आगरा। टेढ़ी बगिया क्षेत्र में गुरुवार दोपहर टाइल्स से भरा एक लोडर अचानक बेकाबू हो गया। लोडर ने सड़क किनारे खड़ी कार और बाइक को टक्कर मार दी और दोनों वाहनों को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।
हादसा गुरुवार दोपहर करीब दो बजे का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 100 फुटा रोड की ओर से टाइल्स से भरा लोडर टेढ़ी बगिया की तरफ आ रहा था। सीएनजी पंप के पीछे जाने वाले रास्ते की ओर मुड़ते समय चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद लोडर सड़क किनारे खड़ी कार और बाइक से जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन लोडर के साथ करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। कार आगे लगे लोहे के हाइट बैरियर से जा भिड़ी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान लोडर का ऊपरी हिस्सा लोहे के गार्डर से टकराया और गार्डर उसके अगले पहिए में फंस गया। इसके बाद लोडर रुक सका।
अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने लोडर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों का जायजा लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार चालक ने अपना नाम शाहबुद्दीन बताया है और वह राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।